Singh Rashifal: Leo Zodiac Sign in Hindi

 

“सिंह राशि के जातकों का व्यक्तित्व आकर्षक और दबंग होता है। ये हमेशा इसी उधेड़बुन में लगे रहते हैं कि किस तरह हम लोगों के आकर्षण का केंद्र बनें, कैसे सामाजिक प्रतिष्ठा प्राप्त करें और इसके लिये यह किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं।”

 

Leo Zodiac Rashifal in Hindi
प्रभुत्व ज़माने वाले और गर्वीले होते हैं सिंह राशि के जातक

आज हम आपको Leo Zodiac Sign अर्थात सिंह राशि के राशिफल के बारे में बता रहे हैं। यह सूर्य ग्रह के स्वामित्व की राशि है। सभी राशियों में सिंह राशि एक शाही राशि मानी जाती है। अर्थात इनके हर काम में चाहे वह सोचना हो, खाना-पीना हो, लोगों से मिलना-जुलना हो या फिर अपना काम करना हो, एक विशिष्ट शाही अंदाज देखने को मिलता है जिसके कारण यह अलग से ही पहचाने जा सकते हैं।

सिंह राशि के जातक बेहद महत्वाकांक्षी, अच्छे चरित्र और लगनशील इन्सान होते हैं। ये अपने जीवन को पूरी शानों-शौकत के साथ जीने में विश्वास रखते हैं। Leo जातकों मे हिम्मत भी बहुत ज्यादा होती है और मौका पड़ने पर यह लोग जान पर खेलने से उसी तरह नही चूकते जैसे शेर सैकड़ों जानवरों के सामने डटा रहता है। सिंह राशि के लोग जुबान के पक्के होते हैं, इनकी कथनी और करनी में अंतर नहीं होता।

Leo अपनी मर्यादा मे रहना पसंद करते हैं और अपने जीवन मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहकर कैसे जिया जाय, इसे इनसे बखूबी सीखा जा सकता है। उदाहरण के तौर पर Leo जातक जब किसी के घर जायेगा, तो वह किसी के द्वारा दिये जाने वाले आसन की अपेक्षा नही करेगा, बल्कि वह जहां भी उचित और अपने लायक आसन देखेगा, जाकर बैठ जायेगा। उसे जो पसंद है वही खायेगा, वरना भूखा रहना पसंद करेगा।

Leo Zodiac Sign in Hindi सिंह राशि का परिचय

जब जन्म कुंडली में चन्द्रमा सिंह राशि में हो, तो उस व्यक्ति की जन्मराशि सिंह होती है। सिंह राशि राशिचक्र की पाँचवीं राशि है। इस राशि का विस्तार भचक्र के 120° से 150° तक है। इस राशि का स्वामी ग्रह सूर्य है जो कि मनुष्य के आत्मा का भी प्रतिनिधि है।

सिंह राशि पर सूर्य 31 दिन 2 घडी और 52 पल रहते हैं। सिंह राशि के अंतर्गत मघा और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र के चारों चरण और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र का प्रथम चरण आता है।

Leo क्षत्रिय जाति की, पुरुष लिंग वाली, अग्नि तत्व प्रधान राशि है। इसका प्रतीक चिंह एक दहाड़ता हुआ शेर है।

यह पूर्व दिशा की स्वामिनी और उग्र प्रकृति की, अल्प संतति वाली राशि है।

Leo दिन के समय बली रहती है और इसका पीत रंग है।

ग्रहों की अनुकूलता के अनुसार मंगल, बुध, चंद्रमा और बृहस्पति सिंह राशि में शुभ फल प्रदान करते हैं।

शुक्र और शनि के लिये Leo शत्रु राशि होने के कारण ये गृह प्रायः इसमें अशुभ फल देते हैं।

लेकिन इस राशि में इसका स्वामी गृह सूर्य बहुत बली होता है। Leo राशि में कोई भी ग्रह नीच का नहीं होता।

सिंह राशि के जातकों को गोचर के फलादेश इसी राशि के आधार पर देखने चाहियें।

सिंह राशि गर्व, मुखरता, शौर्य, आत्म विश्वास, साहस और नेतृत्व के गुणों को प्रदर्शित करती हैं।

यदि व्यक्ति के जन्म के समय लग्न सिंह राशि का हो, तब भी यह जातकों पर अपना प्रभाव डालती है।

 

Leo Nature & Personality in Hindi

सिंह राशि के जातक का व्यक्तित्व

सिंह राशि का प्रतिनिधित्व पशुओं का राजा शेर करता हैं जो शक्ति, गौरव, प्रभुत्व, भव्यता और तेजस्विता का प्रतीक है। इस राशि के जातक भी इस जीव की तरह साहसी, उग्र प्रकृति के और स्वच्छंद होते हैं। वे स्वयं के ऊपर किसी प्रकार का शासन पसंद नहीं करते।

Leo जातकों के लिए उनकी रचनात्मकता, आदर्शवादिता, नेतृत्व क्षमता, उत्साह, अभिलाषा, और साहस सबसे बड़ी संपत्ति हैं और यह गुण इनमे स्वाभाविक रूप से उपस्थित होते हैं।

सिंह राशि के जातक ईमानदार और करिश्माई व्यक्तित्व (Magnetic Personality) के धनी होते हैं। यही कारण है कि दूसरे लोग अनजाने ही इनकी तरफ आकर्षित हो जाते हैं।

Leo जातक जन्मजात आशावादी होते हैं। इनका आत्मविश्वास काफी बढा-चढ़ा रहता है, इसीलिये ये कठोर परिस्थितियों में भी जल्दी से निराश नहीं होते।

इनकी चाल में भी एक विशेष प्रकार की अकड रहती है। ये जब भी किसी से बातें करते हैं, तो ऊँची और गंभीर आवाज में बात करते हैं।

Leo जातक हर काम में सबसे बेहतर रहने की इच्छा रखते हैं। इनमे प्रतिस्पर्धा की भावना बड़ी प्रबल होती है।

सिंह राशि के जातक कठोर मेहनत करने के आदी होते हैं। ये जो काम हाथ में लेते हैं उसे पूरे दिल से करते हैं।

सिंह राशि के जातक बहुत महत्वाकांक्षी होते हैं और इनकी यही ताकत इन्हे अपने लक्ष्यों को पूरा करने की शक्ति देती है।

तर्क या विफलता सिंह राशि के जातकों को तेज प्रतिक्रिया के लिए उत्तेजित करती हैं।

Leo जातक सभी राशियों में सबसे ज्यादा मुखर, चपल और हठी होते हैं। लेकिन ये अन्दर से उदार होते हैं, बस बाहर से खुद को कमजोर नहीं दिखाना चाहते।

जानिये कैसे होते हैं कर्क राशि के जातक – Cancer Zodiac in Hindi कर्क राशिफल

Leo Habits in Hindi सिंह जातकों की कमियाँ

सिंह राशि के जातक स्वच्छंदता की हद तक स्वतंत्रताप्रिय होते हैं। संकटग्रस्त होने पर या अभावों में जीवन जीने पर भी, ये दूसरों से मदद लेना स्वीकार नहीं करते, क्योंकि ऐसा करने से इनके ऊँचे अभिमान को चोट पहुँचती है।

सिंह राशि के जातक दूसरों की सलाह मानना भी पसंद नहीं करते हैं। इन्हें जो उचित लगता है ये वही करते हैं, फिर चाहे इन्हें कोई नुकसान ही क्यों न उठाना पड़े।

Leo जातकों में प्रशंसा पाने की भूख हमेशा रहती है। अगर कोई इनकी बड़ाई न करे तो यह बदला तो नहीं लेते, लेकिन उदास जरूर हो जाते है।

चूँकि सिंह राशि अग्नि तत्व प्रधान है, अतः इन्हें क्रोध जल्दी आता है और बात न मानने पर ये अत्यंत उग्र हो जाते हैं।

जिस तरह सिंह राशि के जातकों मे ऊँचा अभिमान रहता है उसी तरह इनमे कामवासना भी प्रबल रहती है।

Leo राशि के जातक शंकालु प्रवृत्ति के होते हैं, यह जल्दी से किसी पर विश्वास नहीं करते।

उच्च महत्वाकांक्षाएँ होने के कारण इन जातकों का मन कभी शांत नहीं रह पाता है।

सिंह राशि के व्यक्ति की कुंडली में अगर केतु-मंगल बलवान हो तो व्यक्ति क्रोधी होता है।

सिंह राशि के जातक आदेश देना जानते हैं, आदेश मानना नहीं।

Leo राशि के लोग दुनियादारी की परवाह नहीं करते हैं और इन सब के प्रति बहुत लापरवाह होते हैं।

क्या आप जानते हैं, शरीर पर दिखने वाले तिल आपकी जिंदगी के कई रहस्य खोल सकते हैं – Body Mole Meaning in Hindi तिल का मतलब

 

Leo Physique and Health in Hindi

सिंह राशि की शारीरिक विशेषताएँ

सिंह राशि के लोग सुगठित (सुद्रढ़), स्वस्थ और आकर्षक शरीर वाले होते हैं। इस राशि के अधिकतर लोग या तो बिल्कुल स्वस्थ रहते है या फिर ज्यादातर बीमार रहते हैं।

Leo जातक पांडु मिट्टी या ताम्बई रंग वाले होते हैं। इनके केशों पर भी उसी रंग की आभा रहती है, केश लंबे और घने होते हैं।

सिंह राशि व्यक्ति के शरीर में उसके ह्रदय व उपरी पेट (आमाशय, लीवर आदि) का प्रतिनिधित्व करती है।

सामान्यतः Leo जातकों का सीना चौड़ा, गर्दन छोटी व पुष्ट और कंधे मजबूत होते हैं।

सिंह राशि के जातकों का मस्तक उन्नत (उपर को उठा हुआ) और माथा विशाल (चौड़ा) होता है।

सिंह राशि के कई जातकों में देखा गया है कि इनका धड इनके पैरों की तुलना में अधिक लम्बा होता है।

Leo जातकों के हाथ छोटे होते हैं और उंगलियों की अपेक्षा हथेली कुछ बड़ी होती है।

सिंह राशि के जातकों की आवाज रौबदार, गहरी और प्रभावशाली होती है, पर इनके दांत कुछ अच्छे नहीं होते हैं।

ज्योतिष विज्ञान से जानिये अपने 1400 सपनों का मतलब और उनका अनकहा फल – Sapno Ka Matlab in Hindi: सपनों का मतलब

Leo Health in Hindi सिंह राशि का स्वास्थ्य

सिंह राशि के जातक यदि दिखने में कमजोर भी हों तो भी उनमें काम करने की ताकत बहुत अधिक होती है। ये आसानी से नहीं थकते और इनमे स्टेमिना भी दूसरों के मुकाबले ज्यादा होता है, इसलिये इन्हें पतला देखकर भ्रमित न हों।

सामान्य रूप से इनका स्वास्थ्य अच्छा ही रहता है, लेकिन ग्रह स्थिति अनुकूल न होने पर, इन्हें मुख्य रूप से पित्त के कारण पैदा होने वाले रोग – जैसे बुखार और उदर से संबंधित अन्य रोगों के होने की सम्भावना रहती है।

Leo जातक रीढ की हड्डी की बीमारी या चोटों से अपने जीवन को खतरे में डाल लेते हैं। चोट अथवा बीमारी का प्रभाव सम्पूर्ण शरीर पर होने से, शरीर का वही भाग निष्क्रिय हो जाता है, जिस भाग में रीढ की हड्डी बाधित होती है।

सिंह राशि के लोगों को बाल्यावस्था में किसी प्रकार के रोग से विशेष कष्ट उठाना पड़ सकता है, लेकिन युवावस्था में ये लोग स्वस्थ और सेहतमंद रहते हैं।

Leo जातकों को मुख्य रूप से ह्रदय रोग, उच्च रक्तचाप (हाई ब्लडप्रेशर), लू लगाना और संधिवात ज्वर के होने की अधिक संभावना रहती है।

सिंह राशि के जातकों की अधिकतर स्वास्थ्य समस्याएँ, शारीरिक न होकर मानसिक ज्यादा होती हैं जिनका कारण यह स्वयं होते हैं।

इनके अतिरिक्त Leo राशि के जातकों में गला, पेट, आंखों की समस्या, रक्त विकार, कान का दर्द, चर्मरोग, वातरोग या शीत ज्वर आदि स्वास्थ्य समस्याएँ भी देखने को मिल सकती हैं।

Leo Food in Hindi सिंह राशि का खान-पान

सिंह राशि के जातक खाने-पीने के शौक़ीन होते हैं। लेकिन अपनी पसंद का भोजन ही इन्हें ज्यादा रुचिकर होता है, अन्यथा यह भूखा रखना ज्यादा पसंद करते हैं।

चूँकि सिंह राशि के जातकों के अन्दर अग्नि तत्व अर्थात पित्त अधिक होता है, इसीलिये अधिक जल पीना इनके लिए लाभदायक होता है।

इन्हें रसीली और मीठी वस्तुएँ पसंद होती हैं। बढ़िया भोजन करना और खूब घूमना-फिरना Leo की सामान्य आदत होती है।

आम, पपीता, सेव और टमाटर Leo के प्रिय भोज्य पदार्थ होते हैं।

सिंह राशि के जातकों को चाहिये कि वह दही, मट्ठे, परमल आदि का सेवन नियमित रूप से करे।

Leo जातकों को एसिडिटी पैदा करने वाले और ज्यादा मीठा खाने से परहेज रखना चाहिये।

 

Leo Education and Business in Hindi

Leo Education in Hindi सिंह राशि की शिक्षा-दीक्षा

सिंह राशि के जातक जन्मजात प्रतिभाशाली होते हैं। यह जिस क्षेत्र में चाहे उसमें Successful बन सकते हैं और उन्नति कर सकते हैं। लेकिन आलस्य इनका सबसे बड़ा दुश्मन होता है और अक्सर देखा गया है कि यही दुर्गुण इन्हें पीछे धकेलता है।

कोई व्यक्ति शिक्षा के किस क्षेत्र में कितनी सफलता हासिल करेगा, इसका सही अंदाज़ा तो उस व्यक्ति की कुंडली को देखने के बाद ही लगाया जा सकता है। लेकिन साहित्य, पत्रकारिता, राजनीति शास्त्र, ज्योतिष आदि Leo जातकों के लिये अच्छे हैं।

सिंह राशि के जातक नेतृत्व करने के लिये पैदा होते हैं, अधीनस्थ की नौकरी इनके लिए अनुकूल नहीं होती। ये White Collar Jobs में काफी अच्छा प्रदर्शन करते हैं। किसी संस्था के अध्यक्ष पद के लिए सिंह राशि के लोग सर्वोत्तम रहते हैं।

सिंह राशि के जातक यदि चिकित्सा-शास्त्र में विशेष रुचि रखते हैं, तो यह क्षेत्र भी उनके लिये असीम संभावनाओं से भरा है। इस क्षेत्र में शिक्षा लेने पर उन्हें सफलता मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

सिंह राशि के जातक खुद को शीर्ष पर देखना चाहते हैं। अगर इन्हें लगता है कि यह किसी काम में सफल नहीं होंगे तो यह उसमे लगते ही नहीं हैं।

केतु-बुध की वजह से Leo व्यक्ति कल्पना करने वाला और हवाई किले बनाने वाला होता है। चंद्र-केतु व्यक्ति में कल्पना शक्ति का विकास करता है।

अगर सिंह राशि का जातक चिकित्सक बनता है तो शिशु रोग और हृदय रोग विशेषज्ञ के रूप में वह बहुत नाम कमा सकता है।

सिंह राशि के जातक अपने दृढ़विश्वास, उद्दात भावना और जबरदस्त ऊर्जा के कारण सफल होने के लिए दृढ़ संकल्पित होते हैं।

मैनेजर, इंजिनियर या नेता के रूप में भी Leo का कैरियर ऊपर की ओर जा सकता हैं, बशर्ते ये सही क्षेत्र का चयन करें।

सिंह राशि के जो जातक नौकरी पसंद नहीं करते हैं, वह अच्छे वकील बन सकते हैं।

यदि Leo कला के क्षेत्र में जाना चाहे तो इन्हें, उसमे भी Success मिलेगी।

Leo राशि के जातक जो भी काम करते हैं, उससे दूसरों को अचरज में डाल देने वाले होते है। लोग इनके कामों को देखकर आश्चर्य मे पड जाते हैं।

Leo Business in Hindi सिंह राशि का व्यवसाय

सिंह राशि के जातक धन के मामलों में बहुत ही भाग्यशाली होते हैं। कालपुरुष की कुन्डली के अनुसार पंचम राशि का प्रभाव इनको धन प्राप्ति वाले क्षेत्र की ओर अग्रसर करता है। जब भी जरूरत होती है, इन्हें पर्याप्त धन मिल जाता है।

स्वर्ण, पीतल, और हीरे-जवाहरात से संबंधित कामों में सिंह राशि के जातकों को बहुत फायदा हो सकता है। लेकिन इन लोगों को अपनी भावुकता को व्यवसाय से अलग रखना चाहिए।

सिंह राशि के जातक धन तो आसानी से कमा लेते हैं, लेकिन इनके लिए धन को बचाना बड़ा मुश्किल होता है। क्योंकि यह उसे शाहखर्ची और विलासिता में उड़ा देते हैं।

Leo जातक कर्ज लेने से डरते हैं, क्योंकि इन्हें मान बड़ा प्रिय होता है। पर अगर किसी कारणवश कर्ज लेना भी पड़ जाये तो यह जल्दी से जल्दी उसे चुका देना चाहते हैं।

सिंह राशि के जातक अगर ईमानदारी से कोई भी काम करे तो वह उसमे अवश्य सफल होते है।

अगर आर्थिक स्थिति थोड़ी भी अच्छी हो तो सिंह राशि के लोगों के पास अपना वाहन अवश्य होगा।

Leo अपने पास ढेर सारा धन चाहते हैं, ताकि ये उसे खुले हाथों से खर्च कर सकें। हाथ थामकर खर्च करना इनके बस की बात नहीं होती।

ये एक आरामदायक जीवन जीने के आदी होते हैं। Leo यह देखना चाहते है कि ये अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त कमा लेते हैं या नहीं।

सिंह राशि के जातकों को किसी को कर्जा नहीं देना चाहिये, क्योंकि कर्ज देने से इन्हें उधार दिया पैसा जल्दी वापस नहीं मिलता।

 

Leo Family & Married Life in Hindi

Leo Family सिंह जातकों का पारिवारिक और दांपत्य जीवन

सिंह राशि के जातकों को किसी का आदेश मानना सहन नही है। वह जिस किसी से प्रेम करेगा, उसे मरते दम तक निभायेगा और जीवन साथी के प्रति अपने को पूर्ण रूप से समर्पित रखेगा। अपने व्यक्तिगत जीवन में किसी और का आना इस राशि के जातक को कतई पसंद नही है, और सबसे बड़ी बात – अपने जीवन साथी के बारे में वह किसी का दखल पसंद नही करता।

सिंह राशि के लोगों को अपने परिवार से प्यार तो होता है, पर अपने जीवनसाथी और संतान से भी यह यही अपेक्षा करते हैं कि वह इनकी हर बात माने। इसी कारण से इनका वैवाहिक जीवन अधिक खुशहाल नहीं होता व संतान से संबंध भी मधुर नहीं रहते।

सिंह राशि के लोगों का अपने पिता से तो विरोध रहता है, पर अपनी माँ के लिए इनके हृदय में विशेष सम्मान और गहरा प्रेम रहता है।

अपने भाई-बहनों से भी इनका सम्बन्ध बहुत अच्छा नही होता, इसीलिये इन्हें इनसे उचित सम्मान और प्यार नहीं मिलता।

चूँकि ये किसी भी प्रकार की प्रतिबद्धता स्वीकार नहीं करना चाहते, इसलिये अगर किसी अन्य साथी से अनैतिक सम्बन्ध बनायें, तो वह इनके लिये अच्छा नहीं रहता।

अन्यथा ऐसा करने से इनका समस्त मान-सम्मान नष्ट हो सकता है और संपूर्ण जीवन दुखमय बन सकता है।

सिंह राशि के जातक अच्छे पति सिद्ध होते हैं। ये दूसरों की मदद करते हैं और दूसरों को खुश देखकर प्रफुल्लित होने वाले लोग होते हैं।

विवाह करने के पश्चात सिंह राशि के लोगों का और भाग्योदय होता है।

सिंह राशि के लोग अद्भुत तरह से रोमांटिक होते हैं और अपने जीवन साथी के प्रति वफादार रहते हैं।

Leo Secrets in Hindi सिंह जातकों की कुछ जरुरी बातें

संसार के प्रति सिंह राशि के जातकों का दृष्टिकोण विशुद्ध भौतिकतावादी होता है। सामान्यतः अध्यात्म विज्ञान, धर्म, दान-पुण्य आदि में इनकी रुचि नहीं होती है। फिर भी इनके नैसर्गिक स्वभाव में दूसरों की सहायता करना, शांत रहना, भ्रमण करना और आत्मनिर्भर रहना शामिल है।

इन लोगों के हृदय में किसी भी तरह की घृणा और गुप्त पक्षपात का कोई स्थान नहीं होता है। ये अपने भेदों या रहस्यों का उपयोग अपने लाभ के लिए करते हैं।

ये धन कमाने और सांसारिक भोग-विलास करने में यकीन रखते हैं। सरकार और राजाओं जैसी ज़िन्दगी जीने का शौक रखते हैं।

सिंह राशि के लोगों का व्यवहार कठोर और उग्र होता है। इन्हें क्रोध जल्दी ही आ जाता है और क्रोध आने पर ये किसी भी सीमा तक जा सकते हैं।

इनका क्रोध झेल पाना आसान नहीं होता है। जब-तब ये अपने प्रिय व्यक्तियों को चोट पहुँचाते रहते हैं।

सिंह राशि के लोग अक्सर घनिष्ठ लोगों पर ज्यादा विश्वास करने लगते हैं जिसके कारण इनको धोखा खाना पड़ सकता है।

Leo Hobby in Hindi सिंह राशि की रुचि और शौक

सिंह राशि के जातक अत्यंत अभिमानी, अच्छे कपड़ों और आभूषणों के शौक़ीन होते हैं, इसीलिये ये खर्चीले भी बहुत होते हैं। इस कारण से कभी-कभी इन्हें आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ सकता है।

वैसे तो सिंह राशि के लोगों की रूचि अनेक क्षेत्रों में हो सकती है। लेकिन इन्हें टीवी-सिनेमा देखना, वस्तुओं का संग्रह करना, अच्छे कपड़े पहनना, और बढ़िया भोजन करना बहुत पसंद है।

आभूषण बनाने, नृत्य करने, शिल्पकला, चित्रकला, गृहसज्जा, खेलकूद और दूसरी ललित कलाओं में भी इनकी विशेष रुचि रहती है।

सिंह राशि के जातक आजाद तबियत के होते हैं, इसीलिये इन्हें खुली हवा में घूमना-फिरना भी पसंद हैं।

इसके अलावा इन्हें उपन्यास पढ़ने, सामाजिक मेल-जोल करने और दूसरों की बातें सुनने का भी बहुत शौक रहता है।

अगर सिंह जातकों का केतु-शुक्र बलवान हो तो व्यक्ति में सजावट और सुंदरता के प्रति आकर्षण रहता है।

सिंह राशि के जातक आरामतलबी होते हैं, इन्हें सोना बहुत पसंद है।

Leo जातक घर में कोई पशु या पक्षी जरूर पालते हैं।

अपने शरीर और वेशभूषा के प्रति ये विशेष सजग रहते हैं।

अपने प्रतीक की ही तरह ये एक भव्य जीवन शैली का नेतृत्व करने में विश्वास करते हैं।

सिंह राशि वाले जातक खुद खर्च कर दूसरों को प्रसन्न करने का काम करते हैं। इस राशि के लोग किसी भी उत्सव और समारोह आदि को सम्पन्न करने में अत्यन्त कुशल होते हैं।

 

Leo Lucky Things & Remedy in Hindi

सिंह जातकों के लिये भाग्यशाली वस्तुएँ

Leo Lucky Color भाग्यशाली रंग

सिंह राशि के जातकों के लिये लाल, सुनहरा और क्रीमी रंग भाग्यशाली रंग होता है। इन रंगों के वस्त्र पहनने से या इन रंगों की वस्तुएँ खाने या रखने से न सिर्फ मानसिक शांति मिलती है, बल्कि यह दूसरे कई कारणों से भी उनके लिये हितकर है। सिंह राशि के जातकों को जेब में हमेशा लाल या सुनहरे रंग का रूमाल रखना चाहिये, क्योंकि यह उनके लिये बहुत फायदेमंद होता है। मस्तक पर लाल रंग का टीका भी शुभ रहता है।

Leo Lucky Number भाग्यशाली अंक

सिंह राशि वालों के लिये 1 और 4 का अंक शुभ और 6, 7, 8 का अंक अशुभ होता है। 2, 3, और 5 का अंक सम (ना शुभ ना अशुभ) फल देता है। 1 का अंक तो Leo राशि के जातकों के लिए विशेष रूप से भाग्यशाली होता है। अपने लिये किसी चीज को चुनते समय इन्हें 1 अंक की श्रृंखला जैसे 1, 10, 28, 37, 46, 55, और 4 अंक की श्रृंखला जैसे 4, 13, 22, 31, 40, 58, आदि का ध्यान रखना चाहिये, क्योंकि यह इनके लिए बहुत शुभ है।

Leo Lucky Day भाग्यशाली दिन

चूँकि सिंह राशि का स्वामी सूर्य है, इस कारण से Leo के जातकों के लिये रविवार का दिन विशेष रूप से भाग्यशाली होता है। इसके बाद बृहस्पतिवार और सोमवार के दिन इनके लिये शुभ है, पर मंगलवार और शनिवार का दिन Leo के लिये अशुभ होता है।

Leo Lucky Stone भाग्यशाली रत्न

सिंह राशि के जातकों के लिये रूबी या माणिक्य भाग्यशाली रत्न है। अगर कुंडली में लियो का सूर्य खराब या कमजोर हो तो उन्हें माणिक्य जरुर पहनना चाहिए। आम तौर पर 3 या 6 रत्ती का माणिक्य, सोने या तांबे में जड़वाकर, रविवार के दिन, किसी शुभ मुहूर्त में, भगवान सूर्य की उपासना के पश्चात अनामिका अंगुली में धारण करना चाहिये। ऐसा करने से सूर्य के दोष दूर होते हैं। लाल कनेर या बेल की जड़ को पास रखने से भी लाभ होता है।

जानिये कैसे होते हैं कर्क राशि के जातक – Cancer Zodiac in Hindi कर्क राशिफल

Leo Remedy सिंह राशि के जातकों के लिये उपाय

रविवार के दिन मनोकामना की पूर्ति के लिये इलायची, खस, केसर, गुलाब, देवदार आदि का प्रयोग करते हुए ॐ ह्रा ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः इस मंत्र का 7,000 बार जाप करके हवन करें।

सिंह राशि के जातकों को चाहिये कि अगर वे सुखमय जीवन जीना चाहते हैं, तो अपने खर्चीले स्वभाव पर अंकुश लगायें और दिखावे के जीवन से दूर रहें।

Leo जातकों को सूर्य के दोष दूर करने के लिये भगवान सूर्य, विष्णु और माँ गायत्री में से किसी भी एक देवता की उपासना विशेष रूप से करनी चाहिये।

जिन जातकों की शादी नहीं हो पा रही हो, उन्हें रविवार और एकादशी का व्रत करने से भी लाभ होता है।

सूर्यदेव को जल-अर्घ्य देना और लाल वस्तुओं का ब्राह्मणों को दान करना बहुत लाभदायक माना गया है।

मसूर दाल, गेहूं, गुड़, नारंगी चन्दन, तांबा, गुलाबी वस्त्र और लाल वस्तुओं का दान करना शुभ रहता है।

रविवार के दिन गाय को लाल रंग की वस्तुएँ – लड्डू, सेव, गुड आदि खिलायें।

गायत्री मंत्र का जप करें और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

लक्ष्य-प्राप्ति के लिए आत्म बलिदान को उत्सुक, स्वतंत्र और मौलिक बने रहने की इच्छा सिंह राशि के जातकों का प्रमुख गुण है। यह सच है कि सिंह राशि के जातक रचनात्मक (Creative) और प्रतिभाशाली होते हैं, और इनके विचार भी अच्छे होते हैं, लेकिन इन्हें ध्यान रखना होगा कि इन्हें केवल खुद से ही सच्चे सुख और शान्ति की प्राप्ति हो सकती है।

सामान्यतः ये लोग जीवन के पहले दौर में सुखी, दूसरे में दुखी और अंतिम अवस्था में पूर्ण सुखी रहते हैं। अगर सिंह राशि के जातक अपनी आडम्बरप्रियता और उच्च अभिमान से छुटकारा पा लें तो इनका जीवन आनंदमय हो जाय। आशा है लियो राशिफल की यह जानकारी और सिंह राशि के जातकों से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें, आपको लियो राशि के लोगों को समझने में मददगार सिद्ध होगी।

अगले लेख में जानिये कैसे होते हैं कन्या राशि के जातक – Virgo Zodiac in Hindi कन्या राशिफल

“मन स्वर्ग को नरक और नरक को स्वर्ग बना सकता है।”
– जॉन मिल्टन

 

Comments: हमें आशा है सिंह राशि के जातकों की खासियत बताने वाला यह लेख Leo Rashifal in Hindi लियो राशिफल आपको जरुर पसंद आया होगा। कृपया इस हिंदी लेख को सोशल मीडिया पर शेयर करके हमें यह बताने का कष्ट करें कि जीवनसूत्र को और भी ज्यादा बेहतर कैसे बनाया जा सकता है? आप हमें अपने सुझाव Facebook, Twitter, Pinterest और Instagram पर दे सकते हैं। अपने E–mail पर नयी पोस्ट पाने के लिये जीवनसूत्र को सब्सक्राइब करें और वीडियो देखने के लिये Youtube Channel के सदस्य बनना न भूलें। एक उज्जवल भविष्य और सुखमय जीवन की शुभकामनाओं के साथ!

प्रिय मित्र, उम्मीद है आपको आर्टिकल काफी अच्छा लगा होगा। हमने इस लेख को लिखने में अपना काफी वक्त लगाया है। कितना अच्छा हो अगर आप भी अपना थोडा सा सहयोग हमें दें और इस लेख को सोशल मिडिया पर शेयर करें। हमें बस आपके दो मिनट चाहियें। उम्मीद है आप इंकार नहीं करेंगे।