Amazing & Incredible Facts in Hindi

 

“पिज्जा बनाने के लिये दुनिया भर में मशहूर बहुराष्ट्रीय कंपनी पिज्जा हट ने एक बार सन 2001 में पिज्जा की डिलीवरी अंतरिक्ष में स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (International Space Station) में की थी। आप सोच रहे होंगे कि आखिर वहाँ तक पिज्जा भेजने का खर्च किसने उठाया होगा? जाहिर सी बात है पिज्जा हट ने ही, जिसने रूसियों को वहाँ तक पिज्जा पहुँचाने के लिये 10 लाख डॉलर यानि 8 करोड़ रूपये दिए थे।”

 

Amazing Facts in Hindi

65 Amazing Facts in Hindi में आज हम आपको देश और दुनिया से जुडी कुछ अद्भुत बातों के बारे में बतायेंगे, क्योंकि दुनिया बहुत बड़ी है और जिंदगी बहुत छोटी। एक छोटे से जीवन में इंसान अपने बलबूते सब कुछ नहीं जान सकता है, इसीलिये उसे अपने ज्ञान की वृद्धि के लिये दूसरे की जानकारियों और अनुभव का सहारा लेना पड़ता है। इस संसार में ऐसी कितनी ही चीज़ें हैं जो हमने शायद ही कभी देखीं होंगी या हमने कभी उनका नाम सुना होगा।

लेकिन उन सभी का अस्तित्व सत्य हैं, चाहे हम उन्हें स्वीकार करें या न करें। फिर चाहे वह पेड़-पौधे हों या पशु-पक्षी, मनुष्य द्वारा निर्मित रचनाएँ हों या कुदरती अजूबे, हम सभी उन अद्भुत और आश्चर्यजनक चीजों (Amazing Things) की ओर न केवल खिचें चले जाते हैं, बल्कि उनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने की अभिलाषा भी हमारे ह्रदय में निरंतर उमड़ती रहती है।

ऐसे कई आश्चर्यजनक तथ्य (Amazing Facts) हमने अनेकों स्रोतों से जुटाएँ हैं, जिन्हें हम आपकी जिज्ञासा को संतुष्ट करने के उद्देश्य से क्रमवार देंगे। यदि आपके पास ऐसे ही कुछ अन्य तथ्य हों, तो कृपया हमें उनसे अवगत कराने का कष्ट करें जिससे हमारे साथ-साथ दूसरे व्यक्तियों को भी उस जानकारी का लाभ मिल सके।

इन 50 अद्भुत और हैरतंगेज बातों के बारे में आपने कभी नहीं पढ़ा होगा – 50 Interesting Facts in Hindi

 

Amazing Facts about History in Hindi

1. स्विट्ज़रलैंड के सेंट प्रिक्स नगर के पादरी ‘एलेक्सिस मर्मेट’ ने अपनी अतींद्रिय क्षमताओं के बल पर 6000 मील दूर से भी पानी के स्रोत का पता लगा लिया था। मर्मेट ने कोलंबिया के पोपायन शहर में स्थित सेन कैमिलो के मठ में जल धरती के अन्दर किस स्थान पर और कितनी गहराई पर होगा, इसका पता उस स्थान के नक्शों पर पेंडुलम लटकाकर लगा लिया था। उन्होंने नक्शों पर यह टिप्पणी लिखकर निशान लगा दिया कि वहाँ 27 मीटर नीचे जल मिलेगा और यह भविष्यवाणी भी की कि पानी के बहाव की गति 500 लीटर प्रति मिनट होगी। खुदाई के दौरान परीक्षा करने पर उनकी दोनों बातें सच निकलीं।

2. कम्पनियाँ धोखा देने के लिये और पैसा कमाने के लिये कितना नीचे गिर सकती हैं, यह आपको इन पंक्तियों में पता चल जायेगा। कई वर्ष पहले एक आदमी ने अमेरिका में शीतल पेय बनाने वाली दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी पेप्सीको पर यह कहते हुए मुकदमा दायर किया कि उसे माउंटेन ड्यू में एक मरा हुआ चूहा मिला था। लेकिन पेप्सी के वकीलों ने बताया कि माउंटेन ड्यू 30 दिनों के अन्दर-अन्दर किसी चूहे को आसानी से घोल सकती हैं और जिस कैन में चूहा मिलने का दावा किया जा रहा है, वह शीतल पेय के निर्माण के 74 दिन बाद ख़रीदा गया था।

3. मूर्खता की सनक कब किस पर सवार हो जाय इसके बारे में निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। सन 1986 में एक अमेरिकी पायलट ने अपने साथी पायलट से शर्त लगायी कि वह आँखे बंद करके भी हवाई जहाज नीचे उतार सकता है। उसने कॉकपिट की सभी खिडकियों पर लगे परदे ढक दिए और गलत अंदाजा लगाने के कारण एयरप्लेन जमीन पर लैंडिंग स्ट्रिप से टकरा गया। जिसकी वजह से जहाज पर सवार 87 लोगों में से 70 की मौत हो गयी।

क्या आपको अंदाजा है कितना विशाल है हमारा सौर मंडल – Solar System Planets in Hindi

इतिहास के कुछ आश्चर्यजनक (अमेजिंग) तथ्य

4. इटली के शिल्पकार एंटोनियो मोंटेनटो के पास मशहूर कवि दांते द्वारा लिखित डीवाइन कॉमेडी का पहला संस्करण था, जो लिगुरियन सागर में एक जहाज दुर्घटना में खो गया था। इस पुस्तक के पहले मालिक थे माइकल एंजेलो, जिन्होंने इसके पृष्ठों के हाशियों पर अनेक मौलिक चित्र बनाये थे। दो महान लोगों से जुडी हुई यह किताब दुनिया की सबसे अनमोल किताब मानी जाती है और इसकी कीमत 10 लाख डॉलर से भी ज्यादा है।

5. दुनिया में अक्लमंदों की ही तरह मूर्खों की भी कमी नहीं है। सन 2011 में अमेरिका के एक शहर पोर्टलैंड में एक 21 वर्षीय बहरे आदमी ने शहर को पेयजल की सप्लाई करने वाली पानी की टंकी में मजाक-मजाक में पेशाब कर दिया था। उसकी इस बेवकूफी ने शोधित किये गये 80 लाख गैलन पीने के पानी को बर्बाद कर दिया था और फिर उसे व्यर्थ ही बहाना पड़ा। [स्रोत]

6. क्या आपने इतिहास की बराबरी की उस विचित्र घुड़दौड़ के बारे में सुना है, जो कई मायनों में अद्भुत थी। इंग्लैंड के लीविस नगर में सन 1880 में ऐस्टले स्टेक्स नाम की एक घुड़दौड़ हुई थी। जिसमे एक साथ तीन घोड़ों, वान्डरिंग नून, माजुरका और स्कोबल ने पहला स्थान हासिल किया था और दूसरे स्थान पर भी दो घोड़े कंबरलैंड और थेरा एक साथ पहुँचे थे।

7. बिल हास्ट जिसे स्नेकमैन के नाम से जाना जाता था, को जहरीले साँपों ने 170 से ज्यादा बार काटा था। 60 सालों तक लगातार अपने अन्दर साँप के जहर को इंजेक्ट करके उन्होंने एंटीबॉडी से भरपूर अपने खून से सैकड़ों लोगों की जानें बचायीं। वह 100 साल तक जिये।

8. दुनिया का सबसे ज्यादा लम्बे समय तक जलने वाला इलेक्ट्रिक बल्ब सन 1901 में लगाया गया था और यह लगातार 110 वर्षों तक जलता रहा था। इस बल्ब में एक कार्बन फिलामेंट था, जो सामान्य बल्ब के तंतु की तुलना में लगभग 8 गुणा ज्यादा मोटा था।

भारत से जुडी सामान्य ज्ञान की यह अद्भुत बातें हर किसी को जाननी चाहियें – India General Knowledge Facts in Hindi

 

Amazing Facts about People in Hindi

9. क्या आप सोच सकते हैं कि आज से कुछ साल पहले तक किसी देश की सुरक्षा के लिये सिर्फ एक ही सैनिक तैनात था और वह भी कोई सजीव प्राणी नहीं। आप भले ही यकीन न करें, लेकिन आज से दशकों पहले लिन्चेस्टीन की सेना में सिर्फ एक ही सैनिक था और वह भी मोम का बना हुआ। लिन्चेस्टीन की सेना को सन 1867 में घटाकर केवल एक सैनिक तक सीमित कर दिया गया था और वह सैनिक था ‘एन्ड्रीस कैबर’ जिसने मृत्युपर्यंत 95 साल की उम्र तक अपने देश की सेवा की। आज भी उसकी मोम की मूर्ति ‘वेड्युज महल’ की रक्षा करती है।

10. जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के साहित्य विभाग के प्रोफेसर जोजफ ओ कैलाघन ने अपने पूरे कार्यकाल में कभी उस डेस्क पर काम नहीं किया जिस पर शेक्सपियर द्वारा लिखी हुई कम से कम एक किताब न हो। उनकी मृत्यु भी कम आश्चर्यजनक नहीं थी। सन 1868 में सागर में आये एक तूफ़ान के दौरान वह उस समय गंभीर रूप से घायल हो गये थे, जब वह एक ऐसी मेज द्वारा कुचले गये जिस पर एक भी किताब नहीं थी।

11. डा. एडवर्ड हौलीयोक (1728-1828) हार्वर्ड विश्वविद्यालय से मेडिकल की डिग्री हासिल करने वाला पहला छात्र था। इन्होने अमेरिका के सालेम शहर में रहकर 80 साल तक प्रैक्टिस की, और इस दौरान 250,000 रोगियों को देखा। इसके अलावा वह 7 मील प्रतिदिन पैदल चला, 90 साल की उम्र में सर्जरी करने का रिकॉर्ड बनाया और फिर सलेम सेविंग बैंक का प्रथम अध्यक्ष भी बना।

12. विलियम वालेस ने 61 साल की आयु में सात लकड़ी के बने लट्ठो से बनी नाव द्वारा, दक्षिण अमेरिकी देश पेरू से प्रशांत महासागर में स्थित सामोआ तक की 6700 मील लम्बी यात्रा सिर्फ 112 दिन में पूरी कर ली थी। इस यात्रा में उसके साथ सिर्फ दो सहयात्री थे – एक बिल्ली और एक तोता, हालाँकि तोते के लिये यह यात्रा उसका अंत साबित हुई, क्योंकि उसे बिल्ली मारकर खा गयी थी।

13. सन 2012 में एक किशोर AOL के हेड क्वार्टर में 2 महीने तक चुपचाप गुप्त रूप से रहा था। वह वहीँ मुफ्त भोजन खाता, जिम का इस्तेमाल करता, वहीँ नहाता-धोता और कांफ्रेंस रूम में सोता। इसके साथ-साथ वह अपने स्टार्ट-अप की भी तैयारी कर रहा था। हर किसी ने यही सोचा कि वह यहीं काम कर रहा था।

धरती के इतिहास से जुडे यह आश्चर्यजनक तथ्य नहीं जानते होंगे आप – History of The Earth in Hindi

लोगों से जुडी कुछ दिलचस्प (अमेजिंग) बातें

14. विलियम बैकफोर्ड नाम का एक सनकी और अमीर अंग्रेज अपनी यात्राओं के दौरान सैकड़ों सरायों में रुका था। लेकिन वहाँ ठहरने से पहले वह सराय की दीवारों को अपने सेवकों द्वारा वाल पेपर से सजवा लिया करता था, फिर चाहे उसे सराय में सिर्फ एक रात ही क्यों न रुकना पड़े।

15. सबसे ज्यादा उम्र में सर्जरी करने का रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के लैंगहाल्म शहर निवासी डा. जेम्स मुअट्ट के नाम है, जो 120 साल तक की उम्र तक सर्जन का काम कर रहा था। जेम्स ने अपने जीवन के 95 वर्ष एक सर्जन के रूप में गुजारे थे।

16. इतिहास में एक स्त्री ऐसी भी हुई है जिसकी आँखों की द्रश्य क्षमता औसत इन्सान की तुलना में 20 गुणा ज्यादा बेहतर थी। वेरोनिका सीडर नाम की यह स्त्री 1 मील दूर से भी लोगों को पहचान सकती थी।

17. टेरी फॉक्स एक 21 वर्षीय कैंसर रोगी थी, जिसका सिर्फ एक ही पैर था, मरने से पहले उसने कनाडा में 3,339 मील लम्बी यात्रा 143 दिन में पूरी कर ली थी।

18. बुद्धिमान पुरुष और स्त्रियाँ आम तौर पर लोगों द्वारा उकसाए जाने पर जल्दी ही क्रोधित हो जाते हैं, लेकिन निरर्थक तर्कों से बचने के प्रयास में वह चुप रहना ज्यादा पसंद करते हैं।

19. 100 वर्षीय लिल और 102 वर्षीय जेन तब पडोसी थे, जब वह सन 1945 में पहली बार मिले थे। आज वह दोनों दुनिया के सबसे लम्बे समय तक जीवित रहने वाले दोस्त हैं जिनकी मित्रता 71 साल पुरानी है।

20. पेरू का अलेजेंड्रो सिंचिजा दुनिया का सबसे उम्रदराज पिता बनने वाला इन्सान था, जो सन 1941 में 91 साल की उम्र में बाप बना था। इसमें एक खास बात यह है कि वह पहले ही परदादा और लकड़दादा भी बन चुका था।

विज्ञान से जुड़े कुछ शानदार और अमेजिंग फैक्ट्स – 68 Amazing Facts about Science in Hindi

 

Amazing Facts about Famous People in Hindi

21. सन 1793 में क्लाउड चैव्यु लैगार्ड नाम के एक वकील ने अपनी जान की परवाह न करते हुए, क्रांतिकारियों की अदालत में फ्रांस की रानी ‘मेरी एंटोयनेट’ का पक्ष लिया था। मुकदमा जीतने के पश्चात अदालत ने यह सोचकर उससे रानी से मिली फीस वापिस माँग ली कि वह कोई बहुमूल्य उपहार या विपुल धनराशि होगी। लैगार्ड ने वह फीस तुरंत लौटा दी जो कोई बेशकीमती खजाना या बड़ी धनराशि नहीं, बल्कि रानी के बालों की सिर्फ एक लट थी।

22. नीदरलैंड में फ्रांस के राजदूत रहे ‘फ्रेंकोइस जोसफ नोयल’ (1755-1841) को बटावियन प्रजातंत्र का संविधान लिखने के एवज में 804,000 डॉलर का वेतन दिया गया था। लेकिन धूर्त और चालाक सभासदों ने यह रकम बड़ी चतुराई से ऐसे हथिया ली थी – “फ्रेंच भाषा में नोयल का अर्थ क्रिसमस होता है। इसलिये इतनी बड़ी धनराशि को राज्य के बही-खातों में ‘क्रिसमस का उपहार’ के बनावटी मद में लिखकर खुद गबन कर ली गयी थी।

23. हिटलर को ज्यादातर लोग नापसंद करते हैं और इनमे उसके परिवार वाले भी पीछे नहीं रहे हैं। सन 1939 में हिटलर के भतीजे ने एक लेख लिखा था “मै अपने चाचा से क्यों नफरत करता हूँ?” हिटलर के कारण उसने जर्मनी छोड़ दिया। वह अमेरिका आया, वहाँ की नेवी में भर्ती हुआ और बाद में अमेरिका के ही लॉन्ग आइलैंड में बस गया।

24. उरुग्वे के आर्किटेक्ट राफेल विनोली ने उरुग्वे के दक्षिण तट पर रिंग के आकार का एक पुल बनाया था, जिसे लगुना गारज़ोन ब्रिज के नाम से जाना गया। जिसके निर्माण का उद्देश्य लोगों को इस बात के लिये प्रोत्साहित करना था कि वह थोडा धीरे चलें और वहाँ के दृश्यों का अवलोकन करें।

25. हेनरी जोसफ ड्रूरी इंग्लैंड के हैरो स्कूल का अध्यापक था जिसने वर्जिल हौरेस और लुकान द्वारा लिखित सभी लैटिन रचनाओं के 2,500 पेज याद कर लिये थे। एक बार उसने हैरो से इटन के 16 मील सफ़र के दौरान अपने साथ चल रहे लोगों को लुकान के ग्रन्थ फार्सेलिया के 8,000 श्लोक सुनाये थे।

26. फारस (आधुनिक ईरान) के शासक फतह अली शाह (1762-1834) ने 1797 में अपने राज्याभिषेक के समय हीरे-मोती और लालों से जड़ी जो बहुमूल्य पोशाक पहनी थी। उसका वजन लगभग 80 किलो था, उसके अपने शरीर से भी ज्यादा।

क्या आप कुदरत की अद्भुत कारीगरी से जुड़े इन रहस्यों के बारे में जानते हैं – Amazing Facts about Nature in Hindi

प्रसिद्ध लोगों से जुड़े अविश्वसनीय (अमेजिंग) तथ्य

27. सन 1958 में लैरी किंग की कार अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की कार से टकरा गयी थी। कैनेडी ने कहा कि अगर लैरी राष्ट्रपति पद के चुनाव में उन्हें ही वोट देने का वादा करें, तो वह यह सारी घटना भूल जायेंगे।

28. सन 1979 में जापान ने ब्रिटेन की प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर की एक आर्थिक अधिवेशन के दौरान सुरक्षा करने के लिये 20 कराटे में माहिर स्त्रियों को तैनात करने की पेशकश की थी, लेकिन थैचर ने मना कर दिया।

29. अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन ने अपनी सेना को बियर का एक पैक, उनके दैनिक राशन के हिस्से के रूप में देना मंजूर किया था।

30. जब भूतपूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने वाले थे, तो उनके पूर्ववर्ती रहे बिल क्लिंटन के कुछ स्टाफ ने व्हाइट हाउस के कुछ ऑफिसों में रखे गये 60 कीबोर्ड से W की को निकाल लिया था।

31. ब्रूसली अपने अँगूठे और तर्जनी अँगुली के सहारे ही एक हाथ से पुश-अप लगा सकता था। इसके अलावा वह चावल के एक दाने को, हवा में ही चॉपस्टिक से पकड़ सकता था।

32. प्रसिद्ध कॉमिक चरित्र स्पाइडर-मैन का पता है – 20 इनग्राम स्ट्रीट, फारेस्ट हिल्स, क्वीन्स। आपको जानकर अचम्भा होगा कि यह पता असल जिंदगी में भी विद्यमान है और जो परिवार यहाँ रहता है, वह भी पार्कर ही है।

33. बच्चों में बेहद लोकप्रिय डोनाल्ड डक की कॉमिक्स को फिनलैंड में सिर्फ इसलिये बंद कर दिया गया था, क्योंकि वह पेंट नहीं पहनता।

मिनटों में मौत की नींद सुला सकते हैं, दुनिया के दस सबसे तेज और खतरनाक जहर – Name of 10 Deadliest Poisons in Hindi

 

Amazing Facts about Economy in Hindi

34. अगर इतिहास पर एक सरसरी नजर डालें, तो यही पायेंगे कि ज्यादातर शासकों और दरबारियों ने जनता को सिर्फ लूट-पीटकर ही छोड़ा था। उनमे जनता की भलाई और उनके प्रति रहमदिली दिखाने वाले लोग बहुत कम ही रहे हैं। ऐसा ही एक दरियादिल इन्सान था – बगदाद के खलीफा हारून अल रशीद का मुख्य वजीर याह्या अल बरमकी। जो 12 साल तक हर रोज अपने घोड़े पर सवार होकर शहर से गुजरता रहा और प्रतिदिन 100 अजनबी लोगों को बिना उनकी जरुरत पूछे चाँदी के 100 सिक्कों से भरी थैलियाँ उछाल दिया करता था। इस तरह सन 786 से 798 की अवधि के दौरान उसने लगभग 24,000,000 करोड़ डॉलर जो आज के समय में लगभग 25,000,000,000 के आस-पास बैठती है, खैरात में दे दी थी। काश धरती के सारे धनकुबेर इस घटना से कुछ सबक ले लेते, तो दुनिया से आधी गरीबी मिट जाती।

35. क्या आपने कभी धन को सुरक्षित रखने के इतिहास के सबसे विचित्र तरीके के बारे में सुना है? गाजना का बादशाह मसूद I अपने राज्य के सारे खजाने को जो उस समय लगभग 15 करोड़ डॉलर था, को स्वयं के द्वारा प्रशिक्षित 3000 ऊँटों की पीठ पर लादकर सुरक्षित रखता था। हर ऊँट उस विशेष प्रकार के संकेत को जो सिर्फ बादशाह को ही मालूम था, को ही मानता था। किसी साहूकार का कर्ज चुकाने के लिये या किसी व्यक्ति को धन देने के लिये बादशाह उस इन्सान को उस गुप्त शब्द को बताकर धन से लदा एक ऊँट दे देता था और उस शब्द को बोलने पर ही वह ऊँट उस आदमी को अपनी कमर पर लदे धन को उतारने देता था, अन्यथा नहीं।

36. दुनिया के कई विकासशील देश आज भी गरीबी से परेशान हैं और आज से कुछ वर्ष पूर्व तो उनकी हालत और भी ज्यादा बुरी थी। जैसे सन 1932 में ब्राजील के पास इतना भी पैसा नहीं था कि वह लॉस एंजेल्स ओलम्पिक में भाग लेने के लिये अपने खिलाडियों को वहाँ भेज सके। इसलिये उन्होंने अपने जहाज को कॉफ़ी से भर लिया और रास्ते में जाते समय उसे बेचकर धन इकठ्ठा किया।

प्रथम विश्व युद्ध से जुड़े 100 दुखद और लोमहर्षक तथ्य – History of First World War in Hindi

धन व अर्थव्यवस्था से जुडी अविश्वसनीय (अमेजिंग) बातें

37. सन 1965 में अमेरिकी संसद सीनेट ने अनुमान लगाया था कि वर्ष 2000 तक अमेरिकियों को एक सप्ताह में सिर्फ 20 घंटे के लिये ही काम करना होगा और उन्हें सात सप्ताह की छुट्टी मिल सकेगी। खैर यह कितना सच हुआ है, इसे सभी जानते हैं।

38. दुनिया का सबसे पुराना होटल जापान में है – यामानाशी का निशियामा ओंसें केईउन्कन होटल सन 705 से चल रहा है और यह 52 पीढ़ियों से सिर्फ एक ही परिवार द्वारा चलाया जा रहा है।

39. अमेरिका के केलिफोर्निया प्रान्त के एक क्षेत्र (पिस्मो बीच) में सन 1930-40 की अवधि के दौरान आयी मंदी के कारण, सीपी के सिक्कों को कानूनी रूप से वैध मुद्रा के रूप में इस्तेमाल किया गया था।

40. सरकारी अमेरिकी संस्था U.S. Bureau of Engraving and Printing आपको 10 हजार डॉलर मूल्य वाली कटी-फटी अमेरिकी मुद्रा से भरा 5 पौंड वजनी बैग, सिर्फ 45 डॉलर में बेच देगी।

41. वेटिकन बैंक दुनिया का वह इकलौता बैंक है जो एटीएम के उपयोगकर्ताओं को, लैटिन में लेन-देन करने की अनुमति देता है।

बरमूडा ट्रायंगल के 10 अनसुलझे और खतरनाक रहस्य – Bermuda Triangle Mystery in Hindi

 

Amazing Facts about World in Hindi

42. अपनी शानदार कवरेज तथा तेज, सच्ची और निष्पक्ष सूचनाओं के लिये पूरी दुनिया में मशहूर समाचार एजेंसी BBC को भी एक बार समाचारों की तंगी का सामना करना पड़ा था। जी हाँ यह बिल्कुल सच है, अप्रैल 1930 में एक दिन बीबीसी ने रिपोर्ट दी – “आज कोई समाचार नहीं है” और समाचार देने के स्थान पर उन्होंने रेडियो पर पियानो संगीत बजाया।

43. स्वीडन के उत्तरी क्षेत्र में स्थित पिटिया शहर के पास एक ऐसा भुतहा नगर है जिसमे एक चर्च के अलावा 500 मकान और दुकाने भी हैं, लेकिन फिर भी यहाँ कोई इन्सान नहीं रहता। सिर्फ इस चर्च में ही हर शनिवार और रविवार को कुछ चहल-पहल रहती है, क्योंकि पादरी लम्बी यात्राएँ करने के बाद इस गिरजाघर में आराम करने आते हैं।

44. इतिहास में एक अजीब नाटक स्कूल ऐसा भी रहा है जिसके विद्यार्थी इन्सान नहीं, बल्कि खतरनाक जंगली जानवर थे। फ्रांस के प्रसिद्ध अभिनेता चार्ल्स डलिन (1885-1949) ने अपना अभिनय-प्रशिक्षण शेरो से भरे एक पिंजड़े में कई सालों तक हर रोज कविता-पाठ करके शुरू किया था।

45. अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को शहर का 16वां एव टाइल्ड स्टेप्स मोजेक टाइलों से ढका हुआ है, जो दिन के समय तो बहुत ही शानदार दिखायी देता है। लेकिन रात में भी चाँद की रौशनी के परावर्तन से बड़ी सुन्दरता से परिवर्तित हो जाता है।

46. गूगल भी अपने अजब-गजब कारनामों के लिये मशहूर है। घास काटने वाले उपकरण का इस्तेमाल करने के बजाय वह नियमित रूप से 200 बकरियों के एक झुण्ड को किराये पर ले लेते हैं, ताकि वह उनके लान की घास को चबाकर/खाकर खत्म कर सके।

क्या जानते हैं आप संसार के 7 महान आश्चर्यों के बारे में – Seven Wonders of The World in Hindi

देश-दुनिया से जुड़े विचित्र (अमेजिंग) तथ्य

47. जापान का ओकिनावा द्वीप दुनिया की सबसे उम्रदराज आबादी का निवास स्थान है। इस द्वीप पर 450 से भी ज्यादा लोग हैं जिनकी उम्र 100 से उपर हो चुकी है। इस जगह को दुनिया का सबसे स्वास्थ्यप्रद स्थान माना जाता है।

48. ब्राजील में एक ऐसी जेल है जो कैदियों को पैरों से चलने वाली स्थिर साइकिल को चलाने की अनुमति देती है। यह साइकिल बिजली पैदा करती है जिसे पास के शहर में भेजा जाता है और बदले में कैदियों की सजा कम कर दी जाती है।

49. राजनेता अक्सर स्लोवाकिया और स्लोवेनिया इन दो देशों को अक्सर इस तरह मिश्रित कर देते हैं कि दोनों देशों के दूतावासों के कर्मचारियों को हर महीने गलत नाम-पते पर भेजी गयी चिट्ठियों की अदला-बदली करनी पड़ती है।

50. जर्मनी के रस्टिड में स्थित सेंट युलरिच चर्च की मीनार सन 1599 से लेकर 1783 तक की अवधि के दौरान आसमानी बिजली से चार बार खत्म हुई, लेकिन हर बार एक ही तारीख को – “18 अप्रैल के दिन।”

51. Second World War के दौरान सैनिक अपने पास परिवार की कीमती तस्वीरें रखते थे और उन्हें अपनी बंदूकों के नीचे बनी रहने वाली जगह में छुपा लेते थे।

क्या जानते हैं आप धरती के सात महाद्वीपों के बारे में – 7 Continents Meaning in Hindi

 

Amazing Facts about Animals in Hindi

52. जानवर भी बुद्धिमान होते हैं, इस बारे में आपने कई कहानियाँ पढ़ी होंगी। ऐसे ही एक बुद्धिमान हिरण के बारे में हम आपको बता रहे हैं। अफ्रीका के केन्या में एक हिरण के गले में कँटीले तार के सहारे लकड़ी का एक भारी टुकड़ा फँस गया था। जब तक अस्पताल नहीं खुला, तब तक वह बाहर ही मदद के लिये इंतजार करता रहा और अस्पताल खुलने पर अन्दर जाकर वह तब तक धैर्यपूर्वक खड़ा रहा जब तक कि डाक्टर ने तार काटकर उस लकड़ी के टुकड़े को अलग नहीं कर दिया।

53. जिस तरह भारत में कुत्ता देवता की पूजा होती है, इसी तरह का एक वाकया आयरलैंड में भी देखने को मिला है। आयरलैंड के एंट्रिम किले की दीवारों पर एक शिकारी कुत्ते का स्मारक बना हुआ है जिसने सन 1660 में लेडी मेरिओन क्लोटवर्दी की एक भेडिये से रक्षा की थी और दुश्मन की फौज के बारे में किले के पहरेदारों को, मार-काट मचाने से पहले ही सचेत कर दिया था।

54. चाहे आदमी हो या इन्सान उसके भविष्य के बारे में कोई नहीं जान सकता। अब माइकल नाम के उस आयरिश कुत्ते को ही ले लीजिये जिसने ‘पेग ओ माई हर्ट’ नाटक के 1,250 एपिसोड में भाग लिया था और अपने हुनर की वजह से बेहद चर्चित हुआ था। अमेरिकी शहर लॉस एंजेल्स के एक बूचडखाने से मार दिए जाने से एक दिन पहले एक डॉलर में ख़रीदा गया था।

क्या जानते हैं आप धरती के दस सबसे जहरीले जानवरों के बारे में – 10 Most Venomous Animals in Hindi

जानवरों से जुड़े दिलचस्प (अमेजिंग) तथ्य

55. क्या आप दुनिया के किसी ऐसे जीव के बारे में जानते हैं जिसे इंसानों की तरह ही चिट्ठियां भेजी जाती रहीं हों और वह भी अनुमान से ज्यादा। सेंट पीटसबर्ग के निवासी जोजफ डड़ी के पास मैक ग्रेगर नामक एक ऐसा कुत्ता था जिसके नाम पर हर साल 25 दिसंबर के दिन क्रिसमस के 300 कार्ड आते थे।

56. साहसिक कार्यों को करने में जानवर भी पीछे नहीं हैं। अब उस विचित्र बिल्ली को ही देख लीजिये जो सन 1950 में आल्पस पर्वत श्रंखला में स्थित 10,820 फीट की ऊँचाई पर बने बेल्वेडरे होटल से चले पर्वतारोहियों के दल को खोजती हुई 14,780 फीट ऊँचे शिखर तक पहुँच गयी थी।

57. इन्सान धरती पर लम्बी दूरी के सर्वश्रेष्ठ धावक हैं, जो न सिर्फ घोड़ों को, बल्कि दुनिया के हर जानवर को मैराथन की दौड़ में पीछे छोड़ सकते हैं।

58. विक्की या विक्ट्री नाम की एक काली बिल्ली, जो दूसरे विश्व युद्ध में जापान के आत्म-समर्पण वाले दिन यानि विजय दिवस (Victory Day) पर पैदा हुई थी, के सीने पर एक सफेद रंग का V चिन्ह बना हुआ था।

भारत की 50 सबसे लम्बी और महत्वपूर्ण नदियाँ – 50 Longest Rivers of India in Hindi

 

Amazing Facts about Crime in Hindi

59. न्यायालय में जबरदस्ती घुसकर किसी इन्सान की सैकड़ों स्त्रियों की भीड़ द्वारा हत्या करने का दुर्लभ मामला भी बस भारत में ही देखने को मिला है। अक्कू यादव नाम का एक बदनाम बदमाश जिसने बहुत सारी स्त्रियों से बलात्कार करने के साथ-साथ कई बच्चों को भी किडनैप किया था, लगभग 200 स्त्रियों की भीड़ द्वारा नागपुर के न्यायालय में मार दिया गया था। यह बदमाश बार-बार अपराध करने के बावजूद लोकल पुलिस से सांठ-गाँठ करके, हर बार जमानत पर जेल से बाहर आ जाता था। लोगों ने बहुत प्रयास किया पर पुलिस कभी उनका सहयोग नहीं करती थी। जब लोगों ने देखा कि लचर न्याय व्यवस्था से उन्हें कभी न्याय नहीं मिल पायेगा, तो उन्होंने खुद ही अपराधी को सजा देने का निर्णय लिया। स्त्रियाँ इस बदमाश से इतनी नफरत करती थीं कि उन्होंने इसके शरीर पर 70 बार चाकुओं से वार किया। उसके चेहरे पर मिर्च का पाउडर फेंका और उसे पत्थर भी मारे। भारतीय इतिहास में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के इतिहास में शायद यह पहली घटना थी, जहाँ स्त्रियों के इतने बड़े समूह ने खुले कोर्ट में घुसकर एक बलात्कारी और हत्यारे को इतने निर्मम तरीके से मारा हो।

60. क्या आप इतिहास के सबसे अनूठे मुकदमे के बारे में जानते हैं। सन 1589 में रेमंड गुई नाम के एक भगोड़े को फ्रांस के म्यूरेट शहर के निकट किसानों के एक दल ने पकड़ लिया था, क्योंकि वह उनके 3 पड़ोसियों की हत्या करके भागा था। उसे तीनों मृत इंसानों के कफ़न में लिपटे शवों को जूरी के रूप में मानकर उनके सामने सुनवाई के लिये हाजिर किया गया। उस पर हत्या का इल्जाम लगाने वाला जो व्यक्ति न्यायाधीश बना हुआ था, उसने सम्मुख बैठे लोगों से कहा कि वह जूरी के मृत सदस्यों की आत्माओं के संपर्क में है और फिर रेमंड को दोषी ठहराते हुए फाँसी की सजा दे दी गयी।

जानिये जंगल के राजा बाघ से जुडी 100 अद्भुत बातें – 100 Tiger Facts in Hindi

अपराध से जुड़े अमेजिंग फैक्ट्स

61. घोड़े को बेहद शक्तिशाली प्राणी माना जाता है, क्योंकि वह कई लोगों से भरी गाड़ी को भी आसानी से दौड़ाये चले जाता है। लेकिन फ्रांस का एक इन्सान 4 घोड़ों से भी ज्यादा ताकतवर था। सन 1563 में जॉन पॉलट्रोट नाम के एक फ्रांसीसी अपराधी को ड्यूक डिगाईज की हत्या के जुर्म में चार घोड़ों द्वारा चार टुकड़ों में बांटकर प्राणदंड देने की सजा सुनायी गयी थी। लेकिन वह इतना शक्तिशाली निकला कि चारों घोड़े अपनी पूरी ताकत लगाकर भी उसके शरीर को अलग नहीं कर सके। यहाँ तक कि उसके हाथ पैरों को तीन बार नये घोड़ों से बांधा गया था।

62. इतिहास में एक अद्भुत वाकये का उदाहरण यह भी है – दो स्त्रियाँ, जो एक ही दिन जन्मी थीं, मगर 157 वर्षों के समय अन्तराल पर पैदा हुई थी, एक ही दिन मरी थीं। यह विचित्र कहानी एर्डिंगटन में हुई हत्याओं की है। दो स्त्रियाँ एक दोस्त से मिली, दोनों ने नयी ड्रेस पहनी, डांस के लिये गयी और अपने हत्यारों से मिलीं। वे एक जैसे तरीके से और एक ही स्थान पर मरी। दोनों बार जिस आदमी ने हत्याएँ की, उसका नाम थोर्नटन था और जिसे दोनों ही घटनाओं में हत्या करने का दोषी माना गया।

References:
1. स्रोत 1: रिप्ले: बिलीव इट ऑर नॉट
2. स्रोत 2
3. स्रोत 3
4. स्रोत 4
5. स्रोत 5
6. स्रोत 6

“प्राचीन समय में दंड की व्यवस्था को इतना कठोर बनाया जाता था कि वह एक नजीर बनकर लोगों को अपराध करने से रोके रहे। जैसे जर्मनी के म्युन्स्टर नगर के एक विशाल कक्ष में पिछले 500 वर्षों से एक कटे हुए हाथ को ममी के रूप में सुरक्षित रहकर प्रदर्शित किया जाता रहा है। जिसका उद्देश्य झूठे दस्तावेज प्रमाणित करने वाले लोगों को चेतावनी देने के लिये है और यह हाथ उस इन्सान का है जिसे न्यायालय में झूठा दस्तावेज प्रदर्शित करने के लिये काट लिया गया था।”

 

Comments: हमें आशा है हिंदी के अमेजिंग फैक्ट्स पर दिया यह लेख 65 Amazing Facts in Hindi आपको जरुर पसंद आया होगा। कृपया इस हिंदी लेख को सोशल मीडिया पर शेयर करके हमें यह बताने का कष्ट करें कि जीवनसूत्र को और भी ज्यादा बेहतर कैसे बनाया जा सकता है? आप हमें अपने सुझाव Facebook, Twitter और दूसरी सोशल साइट्स पर दे सकते हैं। अपने E–mail पर नयी पोस्ट पाने के लिये जीवनसूत्र को सब्सक्राइब करें और वीडियो देखने के लिये Youtube Channel के सदस्य बनना न भूलें। एक उज्जवल भविष्य और सुखमय जीवन की शुभकामनाओं के साथ!

प्रिय मित्र, उम्मीद है आपको आर्टिकल काफी अच्छा लगा होगा। हमने इस लेख को लिखने में अपना काफी वक्त लगाया है। कितना अच्छा हो अगर आप भी अपना थोडा सा सहयोग हमें दें और इस लेख को सोशल मिडिया पर शेयर करें। हमें बस आपके दो मिनट चाहियें। उम्मीद है आप इंकार नहीं करेंगे।